फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंडे के ठेले पर सिपाहियों में चले लात-घूंसे

Fri, 28 Aug 2015 12:30 AM IST
ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। आंतिया तालाब के पास बुधवार रात अंडे के ठेले पर कोतवाली और पुलिस लाइन के सिपाहियों में गाली-गलौज व मारपीट हो गई। कोतवाली के सिपाहियों ने वर्चस्व के सहारे कानूनी दांवपेंच फेंका, जिसके चलते पुलिस लाइन के सिपाहियों के खिलाफ एकतरफा धारा 151 में कार्रवाई कर दी गई। गुरुवार को पूरा महकमा मामले को दबाने में जुटा रहा। वहीं, दोनों सिपाही मजिस्ट्रेट के सामने पहुंचे तो गुस्साए पुलिस लाइन के कई सिपाही भी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन

बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे कोतवाली में तैनात दो सिपाही आंतिया तालाब स्थित शराब की दुकान के पास खड़ी अंडे की दुकान पर बैठे थे।

इस बीच पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रवि और हरी बाइक से ठेले पर पहुंचे। पुलिस लाइन के सिपाहियों को देखकर कोतवाली के सिपाहियों ने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज कर दी। इससे उनके बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। सिपाहियों में मारपीट होती देख वहां भीड़ जमा हो गई। मगर लोग डर की वजह से तमाशबीन बने रहे। क्षेत्रीय जनता के सामने बेइज्जती होती देख उन्होंने थाने पर सूचना दी। फोर्स के पहुंचने पर मामला फंसता देख कोतवाली के सिपाहियों ने वर्चस्व का सहारा लेकर उनके खिलाफ शिकायत करवा दी। नई बस्ती चौकी प्रभारी एएन पांडेय पुलिस लाइन में तैनात दोनों सिपाहियों को लेकर थाने आए और शांति भंग की धारा 151 में कार्रवाई कर दी। गुरुवार को जब दोनों सिपाहियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया तो पुलिस लाइन से कई सिपाही भी मौके पर पहुंच गए। उनमें कोतवाली पुलिस की भेदभावपूर्ण कार्रवाई को लेकर गुस्सा था।

मामला नहीं पता, चालान रिपोर्ट मिली है: बस्ती चौकी प्रभारी
कोतवाली पुलिस ने मामले को काफी दबाने का प्रयास किया मगर कामयाबी नहीं मिली। नई बस्ती चौकी प्रभारी का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं। उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ चालान रिपोर्ट मिली है। कार्यालय में तैनात मुंशियों को मामले की जानकारी है। वहीं, मुशियों का कहना है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है, चौकी इंचार्ज को सब कुछ पता है।
विज्ञापन


पुलिस लाइन के सिपाहियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस लाइन के आरआई का कहना है कि पुलिस लाइन के दोनों सिपाहियों के खिलाफ थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

उल्टा सवाल दाग दिया एसपी सिटी ने
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस लाइन के सिपाही ठेले के पास मारपीट कर रहे थे। इसकी सूचना पर कोतवाली के दो सिपाही मौके पर पहुंचे, जहां उनसे अभद्रता की गई। पुलिस लाइन के सिपाहियों ने एक छात्र नेता से मारपीट की, जिसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वह कोतवाली के सिपाहियों के मसले को न सुनने को तैयार थे और न ही जवाब देने को। उल्टा सवाल दागते हुए कहा कि किसी सूचना पर थाना पुलिस को पहुंचना गलत है क्या?
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें