अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण का गठन 33 गांवों में हो रहा है। इन गांवों में स्थापित सरकारी स्कूलाें और स्वास्थ्य केंद्रों को भी हाईटेक बनाया जाएगा। बीडा के मास्टर प्लान में इनको शामिल किया जाएगा। मास्टर प्लान के लिए कंपनी का चयन अप्रैल में होने की संभावना है।
नोएडा की तर्ज पर झांसी में ढिकौली, कोटखेरा, सारमऊ, डोमागोर, अंबावाय, पुनावलीकला, सिमराहा, गेवरा समेत 33 गांवों की 14284 हेक्टेयर जमीन पर बीडा का गठन हो रहा है। बीडा को विश्वस्तरीय शहर की तरह विकसित करने के लिए मास्टर प्लान बनाने के लिए प्री बिड बैठक हाल ही में हो चुकी है। इसमें 24 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। बीडा परिक्षेत्र में 50 से अधिक सरकारी स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र भी आ रहे हैं। बीडा का मास्टर प्लान तैयार करने वाली कंपनी तय होती ही, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों को भी हाईटेक करने की योजना बनाई जाएगी। इससे स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और अस्पतालों में आने वाले मरीजों को कई सुविधाएं मिल सकेंगी। बीडा के सीईओ अमृत त्रिपाठी का कहना है कि मास्टर प्लान के दौरान स्कूल, स्वास्थ्य इकाइयों को उच्चीकृत करने के लिए भी विशेष रूप से विचार किया जाएगा।