संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा 30 नवंबर को मोंठ पहुंचेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेता पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में यात्रा के स्वागत और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
दीपनारायण सिंह यादव ने कहा कि दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा कर रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य लोगों को सनातन धर्म के मूल विचारों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि धर्म का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए नहीं होना चाहिए। धर्म का वास्तविक उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और आपसी सद्भाव बढ़ाना है।
कस्बे में यात्रा के प्रवेश को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बैठक में दोनों दलों के नेताओं ने आपसी सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं से यात्रा के स्वागत में जुटने का आह्वान किया गया है।
बैठक में अनिरुद्ध कुमार यादव, गजेंद्र राजपूत, भगवत राजपूत, लालाराम अहिरवार, राममोहन राजपूत, राकेश पराशर, गोविंद राम राजपूत, गजराज पाल, नितेश राजपूत, कुलकुल मिर्जा, कुलदीप यादव, रामजी चौबे, अजमेर यादव, सौरभ गुबरेले आदि मौजूद रहे।