झांसी। तेलंगाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में बम रखे होने की सूचना पर शनिवार की रात रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मचा रहा। ट्रेन के झांसी आने पर जांच की गई। मगर सूचना अफवाह निकली। जांच के दौरान प्लेटफार्म नंबर चार छावनी बना रहा।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को शनिवार को हैदराबाद से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12723 डाउन तेलंगाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में बम रखे होने की सूचना पर प्राप्त हुई। उस समय ट्रेन भोपाल से बीना के मध्य दौड़ रही थी। ट्रेन को पहले बीना स्टेशन पर 45 मिनट रोककर जांच की गई। मगर, कुछ हासिल नहीं हो सका।
इधर, ट्रेन के रात ढाई बजे झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर आने से पूर्व ही आरपीएफ, जीआरपी व सिविल पुलिस के पहुंचने से छावनी में बदल चुका था। ट्रेन के आते ही जांच शुरू कर दी गई थी। डॉग स्क्वॉड की मदद से जनरल कोचों समेत अन्य बोगियों की भी जांच की गई। मगर सूचना गलत निकली।
हालांकि, जांच के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन पंद्रह मिनट विलंब से गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। मालूम हो कि, पिछले माह भी निजामुद्दीन से अर्नाकुलम जाने वाली मंगला एक्सप्रेस में बम रखे होने की सूचना पर झांसी रेलवे स्टेशन दो घंटे तक छावनी बना रहा था।