- लोगों को हुई भारी परेशानी, बच्चे नहीं जा पाए स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ीफतेहपुर/चिरगांव/रानीपुर। सोमवार को हुई बारिश के चलते नगर एवं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। टोड़ीफतेहपुर में 33 केवी लाइन में आई तकनीकी खराबी के कारण सुबह लगभग 10 बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विभागीय कर्मचारियों द्वारा लगातार मरम्मत कार्य किए जाने के बाद शाम लगभग 6:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
लंबे समय तक बिजली न रहने से लोगों के घरेलू कार्य प्रभावित हुए। पानी की मोटर बंद रहीं, जिससे लोगों को पानी भरने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। वहीं, बिजली न रहने के कारण मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण डिस्चार्ज हो गए, जिससे संचार व्यवस्था भी बाधित रही।
वहीं, चिरगांव में दिन में आठ घंटे भी बिजली नहीं मिल सकी। जगह-जगह लाइन में फाल्ट आने से समस्या उत्पन्न हुई है। वहीं, रानीपुर में बारिश होने की वजह से फाल्ट हो गया। देर शाम तक विद्युत कर्मचारी फाल्ट ढूंढते रहे। बिजली न रहने से बुनकरों के पावरलूम भी नहीं चल पाए।