झांसी। मंगलवार की शाम हुई झमाझम बारिश बिजली पर आफत बनकर टूटी। हंसारी ट्रांसमिशन पावर हाउस से रात नौ बजे तक पूरे शहर की बिजली को बंद करके रखा गया। सप्लाई चालू हुई तो एक के बाद एक फाल्ट सामने आने लगे। इस कारण चार सब स्टेशनों से जुड़े इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
मंगलवार की शाम पौने छह बजे बारिश के शुरू होते ही हंसारी ट्रांसमिशन पावर हाउस व दुनारा 220 केवी ट्रांसमिशन पावर हाउस से जुड़े महानगर के सभी सब स्टेशनों की बिजली को बंद कर दिया गया। रात नौ बजे बारिश के थमने पर हंसारी से एक- एक कर सभी सब स्टेशनों की आपूर्ति को चालू किया गया। मगर फाल्ट आने के कारण मुन्नालाल, जेल चौराहा, रानी महल, गल्ला मंडी, सीपरी बाजार, प्रेमनगर, नंदनपुरा सब स्टेशनों की आपूर्ति चालू नहीं हो सकी।
हंसारी से मुन्नालाल सब स्टेशन आने वाली 33 केवीए लाइन में नगरा के पास इंसुलेटर का उतरने से सप्लाई बंद हो गई थी। फाल्ट ठीक होने पर उक्त सब स्टेशन की आपूर्ति रात 9.35 चालू कर दी गई। सीपरी बाजार की 33 केवीए लाइन में फाल्ट आने पर रक्सा फीडर को काटकर 9.40 बजे आपूर्ति को चालू कर दिया गया।गल्ला मंडी सब स्टेशन में पानी भरने से रात दस बजे आपूर्ति को चालू किया जा सका।
इधर, हंसारी ट्रांसमिशन पावर हाउस में रखे 40 एमवीए ट्रांसफार्मर का लाइटिनिंग एरेस्टर आकाशीय गाज गिरने से खराब हो गया। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े जेल चौराहा, रानी महल, प्रेमनगर व नंदनपुरा की बिजली देर रात तक चालू नहीं हो सकी। वहीं, अन्य फाल्टों के कारण मुन्नालाल सब स्टेशन से जुड़े बंसल कॉलोनी, स्वामीपुरम कॉलोनी, पठौरिया आदि क्षेत्रों की आपूर्ति देर रात तक बंद रही। बिजली न रहने से लोगों के इनवर्टर उपकरण भी डिस्चार्ज हो गए।
इन इलाकों में जबर्दस्त संकट
जेल चौराहा, इलाइट, सिविल लाइन, रानी महल, सुभाष गंज, झोकन बाग, सदर बाजार, कचहरी चौराहा, अंदर सैयर गेट, छनिया पुरा, तलैया, खाती बाबा, नंदनपुरा, आवास विकास, के के पुरी, दीनदयाल नगर, ब्रह्मनगर, बैंकर्स कॉलोनी, प्रेमनगर आदि क्षेत्र देर रात तक अंधेरे में डूबे रहे।
सब स्टेशनों में भरा पानी
झमाझम बारिश के कारण मुन्नालाल और गल्ला मंडी सब स्टेशन के यार्ड में पानी भर गया। इस कारण घंटों सप्लाई ठप रखनी पड़ी।
सीपरी बाजार काउंटर की बाउंड्रीवाल गिरी
बारिश के कारण सीपरी बाजार रेलवे पुल के निकट बने बिल जमा काउंटर की चारदीवारी गिर गई। इससे काउंटर व यहां बने स्टोर की व्यवस्थाओं में व्यवधान पड़ गया है।
अघोषित कटौती भी
सोमवार की रात अलग- अलग समय चार घंटे की अघोषित कटौती होने से शहरवासी बेहाल रहे। पहले शाम 7.30 बजे रात 9.30 बजे तक व दूसरी बार 12.30 बजे से 2.30 बजे तक कटौती की गई। मंगलवार को दोपहर दो बजे से तीन बजे तक भी अघोषित कटौती की गई। उमस में बिना बिजली के लोगों का रात काटना मुश्किल भरा बना रहा।
थ्रू रेट में दूसरे नंबर पर आया झांसी
दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत आने वाले झांसी महानगर ने पिछले साल की तुलना में इस साल 76 पैसे थ्रू रेट की वृद्धि की है। इससे झांसी शहर खपत के सापेक्ष राजस्व वसूली में यूपी में दूसरे स्थान पर आ गया है। इस उपलब्धि पर प्रबंध निदेशक ने अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार गुप्ता को बधाई दी।