झांसी। आप अच्छी तरह से जान लीजिये की अब आधार कार्ड आपके लिए बेहद जरूरी है। चाहे बच्चे का शिक्षण संस्थान में दाखिला हो, पासपोर्ट बनवाना हो या फिर लोन लेना हो, बिना आधार कार्ड के यह सब मुश्किल है। आधार कार्ड देश की नागरिकता की पहचान भी है। अब यह झांसी में कई जगह आसानी से नि:शुल्क बनाया जा रहा है। बस आपको करना यह है कि आप संबंधित सेंटर जाइये, जरूरी कागजात दीजिये और एक महीने के भीतर आधार कार्ड आपके घर पहुंच जाएगा।
साल 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की आबादी 19,98,603 है। लेकिन, इनमें से अब तक 15,97,163 लोगों के पास ही आधार कार्ड है। जबकि, 4,01,440 लोग अब भी इससे वंचित हैं। इनमें से ज्यादातर लोगों ने जानकारी के अभाव में अब तक आधार कार्ड नहीं बनवाया है।
जिले में सबसे ज्यादा 9,01,888 आधार कार्डधारक मऊरानीपुर तहसील में हैं। जबकि, सबसे कम आधार कार्ड जिला व मंडल मुख्यालय से जुड़ी तहसील झांसी में 1,32,308 हैं। इसके अलावा मोंठ में 2,23,720, गरौठा में 1,92,139 व टहरौली तहसील में 1,47,106 आधार कार्डधारक हैं।
यहां पर बन रहे हैं आधार कार्ड
जिले में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर नियमित रूप से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। बिजौली, नई बस्ती गुरसराय, ग्वालियर रोड एसबीआई एटीएम बिल्डिंग, अस्ता गुरसराय, गड़बई गरौठा, जीवनशाह, अंबावाय, खड़ौरा गुरसराय, पंचायत भवन के पास रक्सा, मऊरानीपुर में देवरीसिंहपुरा, मऊरानीपुर शहर, महावीरनपुरा मोंठ व जीवनशाह तिराहे के पास नियमित रूप से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं।
हर आयु वर्ग के लिए जरूरी
नवजात शिशु से लेकर किसी भी उम्र के व्यक्ति तक का आधार कार्ड बनवाया जा सकता है। नाबालिग का कार्ड बनवाने के लिए माता-पिता का आधार कार्ड, संबंधित बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट या कोई भी ऐसा डाक्यूमेंट हो जरूरी है, जिसमें माता पिता के नाम के साथ बच्चे का नाम भी दर्ज हो। जबकि, वयस्क व्यक्तियों के लिए आधार कार्ड बनवाने के लिए पैन कार्ड, बैंक पासबुक, निवास प्रमाण पत्र, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि होना जरूरी है। आधार कार्ड बनवाने के लिए इनमें से कोई भी ऐसा प्रमाण लगाया जा सकता है, जिसमें नाम, निवास का पता व आयु दर्शाई गई हो।
बनाए जाते हैं नि:शुल्क
आधार कार्ड नि:शुल्क बनाए जाते हैं। अगर कोई इसके एवज में पैसे की मांग करता है, तो शिकायत कंट्रोल रूम (0510 2371100 व 2371101) पर की जा सकती है। केेंद्र पर औपचारिकताएं पूर्ण कराने के बाद यह एक सप्ताह से तीन माह की अवधि के बीच डाक के माध्यम से संबंधित के घर पर उपलब्ध करा दिए जाते हैं।
जिले में आधार कार्ड बनाने का काम लगातार जारी है। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर यह नि:शुल्क बनाए जा रहे हैं। जल्द ही शत प्रतिशत आबादी आधार कार्डधारक होगी।
- आकाश रंजन श्रीवास्तव, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर