संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। लोक निर्माण विभाग के द्वारा झांसी जिले के विभिन्न विकास खंडों में बनाई गईं सड़कों में गुणवत्ता और उनकी उपयोगिता की जांच करने 23 जनवरी को नियोजन विभाग की टीम झांसी पहुंची थी। यहां टीम में शामिल अधिकारियों ने मंडल की 200 से अधिक सड़कों की जांच की और अब अपने साथ 150 से अधिक सड़कों में इस्तेमाल सामग्री का सैंपल ले गई है। जिसकी लखनऊ लैब में जांच कराई जाएगी।
23 जनवरी को उत्तर प्रदेश नियोजन विभाग के निदेशक के नेतृत्व में शोध अधिकारियों की छह सदस्यीय टीम झांसी पहुंची। जिसके बाद दो-दो शोध अधिकारियों की टीम बनाकर झांसी, जालौन और ललितपुर में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गईं सड़कों की गुणवत्ता और प्रस्ताव के अनुसार उनके निर्माण की जांच की। साथ ही अधिकारियों ने सड़क का इस्तेमाल करने वाले स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई। 6 दिन तक चली जांच के बाद शनिवार को नियोजन विभाग की टीम ने यहां 150 से अधिक सड़कों का सैंपल भी भरा है। साथ ही उन सड़कों की फोटोग्राफी भी कराई जो समय से पहले जर्जर हो गईं या जल निगम की पाइपलाइन डाले जाने से जिन सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि नियोजन विभाग की टीम ने डेढ़ सौ सड़कों का सैंपल एकत्र किया है, जिसे वह अपने साथ ले गई है। जिसकी रिपोर्ट संभवता एक सप्ताह में आएगी।