अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भाजपा पार्षदों के बीच छिड़ा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को बागी पार्षदों को मनाने के लिए पार्टी नेता जुटे रहे लेकिन, वह सामूहिक इस्तीफा देने पर अब भी अड़े हैं। नेता सदन दिनेश प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को महापौर के नगर निगम में पहुंचने पर कार्यकारिणी से सामूहिक इस्तीफा देने की बात कही है। उधर, बुधवार को नवनिर्वाचित उपसभापति प्रियंका साहू ने बागी पार्षदों को मनाने की कोशिश की। उनका दावा है पार्षदों के असंतोष को दूर कर लिया गया है।
उपसभापति के चुनाव के बाद से भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों ने बगावत का सुर छेड़ रखा है। भाजपा पार्षद टिकट बंटवारे में वरिष्ठता की अनदेखी करते हुए नाम तय करने का आरोप लगा रहे हैं। पार्षदों के सीधे निशाने पर महापौर बिहारी लाल आर्य, जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार समेत विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल एवं बाबूलाल तिवारी हैं। कार्यकारिणी में शामिल नौ में छह पार्षद बगावत की राह पर हैं। इनकी अगुवाई कर रहे वरिष्ठ नेता दिनेश प्रताप सिंह का आरोप है चुनाव में वरिष्ठता की अनदेखी की गई। इससे कार्यकर्ताओं में निराशा है।
उधर, बागियों को समझाने के लिए महापौर से लेकर पार्टी नेता अपनी कोशिशों में जुटे रहे। दिनेश सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार को कार्यकारिणी से सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा। भाजपा पार्षद प्रदीप खटीक विरोध में कुछ दिन पहले इस्तीफा दे चुके हैं।