संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। शुक्रवार की शाम कस्बे में ब्यूटी पार्लर संचालिका ने गले में फंदा कसकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने बताया कि उसका पति से विवाद चल रहा था। पति उसे बेटी नहीं दे रहा था, जिससे वह परेशान रहती थी।
ग्राम गढ़ीकरगांव निवासी प्रभा देवी टहरौली में किराए के कमरे में रहकर ब्यूटी पार्लर व जनरल स्टोर संचालित करती थीं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे कुछ लड़कियां लहंगा लेने के लिए दुकान पर पहुंची। उन्हें दुकान अंदर से बंद मिली। आवाज देने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। मोबाइल पर कॉल करने पर घंटी बज रही थी। संदेह होने पर आसपास के लोगों ने डंडे के सहारे दुकान का पर्दा सरकाया तो अंदर प्रभा देवी फंदे पर झूल रही थी। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पिता प्रमोद अहिरवार ने बताया कि प्रभा की शादी वर्ष 2016 में गाजियाबाद निवासी नवीन गुर्जर से हुई थी। शादी के दो वर्ष बाद ही घरेलू कलह व प्रताड़ना से परेशान होकर वह एक वर्षीय बेटी ईशा को पति के पास छोड़कर मायके आ गई थी। उन्होंने बताया कि प्रभा ने ससुराल पक्ष और पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, तलाक व हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। पिता के अनुसार प्रभा का पति उसकी बेटी ईशा को उसके पास नहीं भेज रहा था, जिससे वह तनाव में रहती थी।
इस मामले में थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पुलिस जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। परिजनों से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।