झांसी। बबीना से आने वाली मुख्य राइजिंग पाइप लाइन में फ्लोमीटर लगाने का काम पूरा होने के बाद मंगलवार को पाइप लाइन में एयर भरने की समस्या आ गई। इससे दूसरे दिन भी शहरवासियों को जल संकट का सामना करना पड़ा। परेशान लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। इससे दिन-भर हैंडपंपों पर खटर-पटर होती रही।
सोमवार को झांसी आवर्धन योजना के अंतर्गत 1300 मिलीमीटर व्यास की क्लीयर वाटर पाइप लाइन में बबीना जल शोधन केंद्र एवं राजगढ़ के निकट फ्लोमीटर (पानी मापने का डिजिटल यंत्र) लगाने का काम का किया गया था। कार्य पूरा होने के उपरांत रात में बबीना से पानी छोड़ने का काम शुरू किया गया।
चूंकि, कार्य के लिए पूरी पाइप लाइन को खाली किया गया था, इस कारण जगह-जगह लगे वाल्व से पाइप लाइन के अंदर एयर भर गई। इससे पाइप लाइन में तेज गति से पानी दौड़ना बंद हो गया। गति धीमी होने से महानगर की टंकियों तक मंगलवार को भी पानी नहीं पहुंच सका।
इस समस्या का पता लगने पर बबीना जल शोधन केंद्र के उपखंड अधिकारी अमित कटियार की देखरेख में कर्मचारियों ने वाल्वों से एयर बाहर निकालनी शुरू की। देर रात तक स्थिति को सामान्य नहीं बनाया जा सका था।
वहीं, दूसरे दिन भी झांसी महानगर, एमईएस, आईजीएफआरआई, पीएसी, सारंध्रा नगर कालोनी, हंसारी कैंट बोर्ड झांसी/ बबीना, मेडिकल कॉलेज आदि क्षेत्रों की जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।