झांसी। मेडिकल कॉलेज के वार्डों में नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को वार्ड नं. नौ के बेड नं. 52 पर भर्ती 90 वर्षीय वृद्ध आईवी कैनुला (दवा चढ़ाने की सुई) से दवा चढ़ाने के बजाय नर्स खुला छोड़कर चली गई। इससे वृद्ध के शरीर से काफी खून बह गया।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के कई प्रयास के बावजूद वार्डों में भर्ती रोगियों के उपचार में नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही थमने के बजाय बढ़ती जा रही है। दतिया गेट बाहर निवासी कांशीराम वर्मा ने बताया कि उनके वृद्ध पिता ख्यालीराम वर्मा वार्ड नं. नौ के बेड नं. 52 पर भर्ती हैं। हड्डी टूटने की वजह से उनके पैर में रॉड डालने का ऑपरेशन डॉ. सतीश अग्रवाल को करना है। उन्होंने बताया कि सोमवार को उनके पिता के कैनुला लगाने के लिए एक नर्स आई। नर्स ने कैनुला लगा दी मगर न तो उसका ढक्कन लगाया और न दवा की बोतल लगाई। नर्स के जाने के बाद ख्यालीराम के शरीर का रक्त तेजी से बिस्तर पर बहने लगा। कुछ देर में खून टपकते हुए जमीन पर गिरा। नजदीक भर्ती रोगी के तीमारदार ने जब हालत देखी तो शोर मचा दिया। इस पर मौके पर पहुंचे स्टाफ ने ढक्कन लगाकर कैनुला को बंद किया। इकांशीराम ने बताया उन्होंने मय फोटो और वीडियो के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, डीएम व सीएमओ से कर दी है।
सीएमएस डॉ. सचिन माहुर का कहना है कि मामले की किसी से भी जानकारी नहीं मिली है। चूंकि मामला गंभीर है, इसलिए मंगलवार को पता करके दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।