झांसी। बॉलीवुड निर्माता निर्देशक शशिधर मुखर्जी, राम मुखर्जी, सुबोध मुखर्जी, अभिनेता जॉय मुखर्जी और प्रसिद्ध अभिनेत्री रानी मुखर्जी का झांसी से गहरा नाता है। मुखर्जी परिवार के यह सभी सदस्य पिछले कई दशकों से बॉलीवुड में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए है।
झांसी के वासी शशिधर मुखर्जी ने हिंदी सिनेमा में 52 फिल्में बनाई हैं। उनके भतीजे राम मुखर्जी ने लीडर व हम हिंदुस्तानी जैसी फिल्में निर्देशित की हैं। राम मुखर्जी की पुत्री अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने भी साथिया, बादल, हम-तुम, बंटी और बबली, गुलाम जैसी सुपरहिट फिल्में की हैं। रानी मुखर्जी के चाचा सिद्धार्थ चटर्जी के अनुसार सुबोध मुखर्जी अप्रैल फूल, मुनीम जी, शर्मिली, जंगली आदि फिल्मों के निर्माता निर्देशक रहे हैं। जबकि जॉय मुखर्जी लव इन टोकियो, ऐन इवनिंग इन पेरिस सहित कई फिल्मों में हीरो रहे हैं। उनके अनुसार शशिधर मुखर्जी का परिवार तीन पीढ़ियों से बॉलीवुड में अपनी विशेष पहचान बनाए है। वर्तमान में झांसी के फूटा चौपड़ा मुहल्ला स्थित इस्कॉन मंदिर पहले शशिधर मुखर्जी का आवास था और इसमें वह व उनका परिवार रहता था। आवास में उनकी कुलदेवी मां जगरात्री देवी का मंदिर है। समय - समय पर मुखर्जी परिवार के सदस्य इस मंदिर में पूजा करने आते रहते हैं।