संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मंगलवार को बेतवा नदी स्थित खिरिया घाट पर निर्माणाधीन सेतु का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान विधायक ने सेतु निगम के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि पुल निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवश्यकता है और इसके पूरा होने से मोंठ, गरौठा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा। सेतु निगम के अधिकारियों ने विधायक को बताया कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से कराया जा रहा है। आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा नेता कपिल मुदगिल, अमित चौरसिया सहित सेतु निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।