अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बृहस्पतिवार देर-रात घर लौट रहे बबीना निवासी प्राॅपर्टी डीलर से बाइक सवार बदमाश पिस्टल लूटकर भाग निकले। पिस्टल लूटे जाने की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। तबाड़तोड़ दबिश देकर शुक्रवार तड़के पुलिस ने पिस्टल समेत आरोपी युवकों को पकड़ लिया। पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी है।
बबीना के पंप हाउस निवासी कैलाश साहू प्रॉपर्टी डीलिंग करते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बाइक से वह अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पंप हाउस के पास पहुंचे, उनको बाइक सवार चार युवकों ने रोक लिया। चारों उनके साथ मारपीट करने लगे। कैलाश के पास पिस्टल थी, युवकों ने लात-घूसों से पीटकर उनकी पिस्टल छीन ली। धमकाते हुए भाग निकले। कैलाश ने यह सूचना पुलिस को दी। पिस्टल लूटे जाने की खबर मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर दी। कई जगह दबिश देने के बाद आखिरकार सभी बदमाश पुलिस के हाथ लग गए। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल बरामद कर ली है।