अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सूती मिल कंपाउंड के पास रहने वाली चंपा रायकवार (40) की उसके प्रेमी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह चंपा का शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर महेंद्रपुरी कॉलोनी के निर्माणाधीन मकान के भीतर मिला। हत्या के आरोप में मुकरयाना निवासी दिलीप साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक छानबीन में मालूम चला कि दोनों के बीच पैसे को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस आगे भी पूछताछ में जुटी है।
ग्वालियर रोड स्थित सूती मिल कंपाउंड निवासी चंपा के पति प्रकाश की 20 साल पहले मौत हो चुकी है। जीविकोपार्जन के लिए चंपा घरेलू सहायिका का काम करती थी। परिवार में बेटा रितिक एवं बेटी संध्या है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम बेटे रितिक से उसका विवाद हो गया था। नाराज होकर चंपा बिना किसी से कुछ कहे बाहर चली गई। रात करीब 10:30 बजे बेटी संध्या के फोन करने पर उसने घर न लौटने की बात कही। कुछ देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात भर तलाशने के बाद भी उसका उसका पता नहीं चला।
शनिवार सुबह महेंद्रपुरी कॉलोनी में रामभुज श्रीवास्तव के निर्माणाधीन मकान में सीढि़यों के पास उसका शव मिला। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। सीपरी बाजार थाना पुलिस समेत फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
सीडीआर निकालने पर मिला सुराग
परिजनों ने पुलिस को बताया कि चंपा के पास मोबाइल फोन था लेकिन मौके से उसका मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने चंपा के नंबर का कॉल डिटेल निकाला। मालूम चला कि शुक्रवार रात उसकी कई बार मुकरयाना निवासी दिलीप साहू से बात हुई थी। पुलिस ने दिलीप साहू की तलाश शुरू की लेकिन उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। सुराग लगाने पर पुलिस को दिलीप का पता चल गया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि तीन साल से उसके चंपा से प्रेम संबंध थे। शुक्रवार रात चंपा ने बेटे से विवाद के बाद शराब पी। फोन करके चंपा ने ही उसे बुलाया था। वह उससे 20 हजार रुपये मांग रही थी। रोजाना पैसे मांगने से वह परेशान हो गया था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने चंपा का गला घोंटकर सीढ़ी से नीचे धक्का दे दिया। उसने चंपा का मोबाइल लेकर आंतिया ताल में फेंक दिया था।
Iहत्या के आरोप में मुकरयाना निवासी दिलीप को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। प्रथमदृष्टया पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आगे भी मामले की छानबीन कर रही है।
- ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सिटीI