अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाने में तैनात अभिषेक पोरवाल का शनिवार को जेल चौराहे पर भोजन करने के दौरान जेल में तैनात तीन सिपाहियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों सिपाहियों ने दरोगा को घेरकर पीट दिया। दरोगा ने पुलिस बुला ली। पुलिस बल सभी को लेकर नवाबाद थाने पहुंचा। पुलिस अफसर भी पहुंच गए। पुलिसकर्मियों का मामला होने से अफसर इस मामले को अभी तक दबाए रहे।
जेल चौराहे पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सात सितंबर की रात नौ बजे दरोगा अभिषेक सादे कपड़ों में जेल चौराहा स्थित एक भोजनालय में पहुंचा था। वहां जेल में तैनात तीन सिपाही भी सादे कपड़ों में पहले से मौजूद थे। दरोगा ने अपनी हनक दिखाते हुए पहले खाना परोसने को कहा। इस बात पर सिपाहियों से विवाद हो गया। दरोगा के रौब गांठने की कोशिश करने पर सिपाहियों ने मिलकर उसे पीट दिया। मारपीट होने से वहां हंगामा मच गया। पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट होने की सूचना पर सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम समेत अन्य अफसर भी पहुंच गए। निरीक्षक संतोष अवस्थी का कहना है कि दोनों पक्षों में किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली।
इनसेट
पहले भी विवादों में रह चुका अभिषेक
दरोगा अभिषेक पहले भी विवादों में रह चुका है। अपने पहनावे और वेषभूषा की वजह से भी वह विवाद में रहा। पिछले साल दुष्कर्म के आरोप में उसे जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद उसे फिर से नवाबाद थाने में तैनाती दे दी गई।