झांसी। बुंदेलखंड विवि के खेल मैदान की बदहाली पर विवि प्रशासन ने अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद संज्ञान लिया। कुलसचिव ने आदेश दिए हैं कि हर हाल में दीक्षांत समारोह से पहले मैदान को खेलने लायक बना दें। स्पोर्ट्स एरिना को खिलाड़ियों के लिए खोला जाए ताकि उसका सदुपयोग हो।
शनिवार को अमर उजाला में ‘घास-मलबे में दबा बुंदेलखंड विवि का खेल परिसर शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई। इसमें बताया कि लाखों रुपये की लागत से बना स्पोर्ट्स एरिना बंद हैं इसकी वजह से बीयू के स्पोर्ट्स कैलेंडर तक में शामिल नहीं है। बास्केटबॉल कोर्ट पूरी तरह से बदहाल है। विगत दिनों बीपीईएस, बीपीएड, एमपीईएस और योगा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा मैदान के बजाय सड़क पर करानी पड़ी। इसके लिए कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने आदेश जारी कर दिए कि हर हाल में दीक्षांत समारोह से पहले मैदान को खेलने लायक बना दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके अलावा निर्देश दिए कि स्पोर्ट्स एरिना को विद्यार्थियों के लिए चालू कर दिया जाए ताकि उसकी उपयोगिता बनी रहे।