अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शादी की शापिंग करने बरुआसागर आया दूल्हा सड़क हादसे में घायल हो गया जबकि उसकी ताई की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को बरात उठनी थी। बुधवार को घर में मंडप का कार्यक्रम था। खरीदारी के लिए दूल्हा अपनी ताई के साथ मार्केट आया था। लौटते समय डीजे वाहन ने उसकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे से खुशी में डूबे परिवार में कोहराम मच गया।
बरुआसागर कस्बा निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू की घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। नाते-रिश्तेदार जुट गए थे। बुधवार को जीतू अपने लिए समान खरीदने ताई पार्वती (50) पत्नी बृजकिशोर निवासी पृथ्वीपुर एवं बहन अंजली के साथ मार्केट आया था। खरीदारी के बाद तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही तीनों कामदवारा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डीजे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर जा गिरे। डीजे वाहन उनको घसीटता ले गया। जीतू समेत पार्वती और अंजली गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। परिजन तीनों घायलों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने पार्वती को मृत घोषित कर दिया जबकि जीतू एवं अंजली को गंभीर हाल में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया। उधर, हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे की वजह से दोनों परिवार ने शादी आगे टाल दी।