अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार को हुई बैठक में मंडल में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा हुई, जिसकी अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने कहा कि शासन द्वारा आवंटित धनराशि का सदुपयोग किया जाए, इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने अन्य दिशा निर्देश भी जारी किए।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण के पश्चात किसी भी भवन या इमारत में गुणवत्ता संबंधी शिकायतें पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध वित्तीय अनियमितताओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीएमआईएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निस्तारण शीघ्रता के साथ किया जाए। सड़कों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही व उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैंकिंग संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए। वृक्षारोपण अभियान में स्थानीय जलवायु के दृष्टिगत पौधों की प्रजातियों का चयन किया जाए।
इस मौके पर डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी राजेश एस, नगर आयुक्त सत्यप्रकाश, अपर आयुक्त महेंद्र कुमार मिश्रा व उमाकांत त्रिपाठी, संयुक्त विकास आयुक्त ऋषिमुनि उपाध्याय, एडीएम अरुण कुमार सिंह, श्यामलता आनंद आदि अधिकारी मौजूद रहे।