अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दतिया एयरपोर्ट का भोपाल से वर्चुअल लोकार्पण किया। एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर पहली उड़ान खजुराहो के लिए रवाना हुई। फ्लाइट में पायलट और सात महिला यात्री सवार रहीं। यहां से छोटे विमान अब भोपाल एवं खजुराहो के लिए उड़ान भरेंगे। दो जून से इनकी नियमित उड़ान सेवा आरंभ होगी। दतिया एयरपोर्ट शुरू होने से झांसीवासियों को भी विमान सेवा का लाभ मिलेगा।
लोकार्पण समारोह के लिए एयरपोर्ट को सुंदर फूलों से सजाया गया। केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू खास तौर से यहां पहुंचे थे। उड़ान शुरू होने से अब दतिया भी भोपाल एवं खजुराहो से हवाई मार्ग से जुड़ गया। इस दौरान पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पहली फ्लाइट का नाम सिंदूर रखने की मांग की। सांसद संध्या राय ने भविष्य में इस एयरपोर्ट का विस्तार कराने की बात कही। लोकार्पण समारोह में प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना, सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल समेत जिला प्रशासन एवं एयरपोर्ट प्राधिकरण के अफसरों ने हिस्सा लिया। महाप्रबंधक साजिद हाकिम ने आभार जताया।
इनसेट
अनुमानित किराया 999 रुपये
फ्लाइ बिग एयर लाइंस की फ्लाइट में शुरुआती चरण में 19 सीटें होंगी। दतिया से भोपाल या खजुराहो का अनुमानित किराया 999 रुपये है। हालांकि कम किराया सिर्फ 50 फीसदी सीटों के लिए रहेगा। शेष सीटों के लिए मांग के मुताबिक किराया तय होगा। भोपाल से दतिया के बीच का हवाई सफर करीब 1.10 मिनट एवं दतिया से खुजराहो का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा। टिकट बुकिंग के लिए फ्लाइ बिग की वेबसाइट या एयरपोर्ट पर टिकट काउंटर से की जा सकेगी।
इनसेट
एयरपोर्ट बनने में लग गए 13 साल
दतिया में एयरपोर्ट बनाने में 13 साल लग गए। एयरपोर्ट प्राधिकरण अफसरों का कहना है कि वर्ष 2012 में हवाई पट्टी की आधारशिला रखी गई थी। इसके बाद, वर्ष 2023 में इसे एयरपोर्ट में बदलने की योजना बनी। उसके बाद 2025 में एयरपोर्ट बनकर पूरा हुआ।
यह रहेगा फ्लाइट टाइम
भोपाल-दतिया : दोपहर 1 बजे उड़ान, 2:10 बजे आगमन
दतिया-खजुराहो : दोपहर 2:35 बजे उड़ान, 3:15 बजे पहुंचेगी
खजुराहो-दतिया : शाम 3:40 बजे उड़ान, 4:20 बजे आगमन
दतिया-भोपाल : शाम 4:45 बजे उड़ान, 5:55 बजे पहुंचेगी
सप्ताह में चार दिन- सोमवार, मंगलवार बुधवार एवं बृहस्पतिवार को यह फ्लाइट मिलेगी।
फोटो
बड़ी संख्या में पर्यटक बुंदेलखंड की खूबसूरती देखना आना चाहते हैं, लेकिन यहां एयरपोर्ट न होने की वजह से तमाम पर्यटक नहीं आ पाते। अब एयरपोर्ट के शुरू होने से इसका झांसी के लोगों को भी फायदा मिलेगा। इस एयरपोर्ट से फ्लाइट लखनऊ, पुणे, बंगलूरू जैसे महानगरों के लिए आरंभ की जाए तो इससे फायदा अधिक मिलेगा। - अनिरुद्ध रावत, अध्यक्ष, बुंदेलखंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन
बुंदेलखंड में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। एयरपोर्ट न होने से इसका नुकसान उठाना पड़ता था। अब इसकी शुरुआत हुई है। इसके विस्तार से होटल, पर्यटन समेत रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अब इस एयरपोर्ट का विस्तार किया जाना चाहिए। होटल उद्योग एयरपोर्ट का काफी समय से इंतजार कर रहा था। - सुरेंद्र सिंह, होटल कारोबारी