फोटो अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद के तालपुरा के आंबेडकर नगर मोहल्ले में पड़ोसियों के बीच जमकर मारपीट हुई। बुजुर्ग महिला, उसके दो बेटों के हाथ टूट गए। उसकी बहू को भी चोट आई। नवाबाद पुलिस ने भी सिर्फ एक पक्ष की तहरीर पर बुजुर्ग महिला समेत दोनों घायल बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। चौबीस घंटे बाद भी शुक्रवार को तीनों घायलों का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आंबेडकर नगर निवासी हेमंत सरसैया के घर के बाहर छज्जा निकला हुआ है। उसके पड़ोस में रहने वाले चंद्रभान वहां से अपनी सीढ़ी बनाना चाहता है। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। बृहस्पतिवार को हेमंत पूरे परिवार के साथ शादी समारोह में गया था। उसी दौरान दूसरे पक्ष ने वहां दीवार बना ली। रात में जब वे लोग शादी से लौटे तब वहां दीवार बनी देख उसे गिराने लगे। यह देख दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। उनके बीच मारपीट होने लगी। हेमंत, उसकी मां हीरा देवी, भाई जितेंद्र का हाथ टूट गया। पुत्र विशु एवं दो बहुएं भी घायल हो गईं। उधर, मारपीट के बाद दूसरा पक्ष नवाबाद थाने जा पहुंचा। उसकी तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के आरोप में जगजीवन, हेमंत, हीरा बाई, हीरा की दोनों बहुओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि अभी दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेंगे।