झांसी। बस स्टैंड से सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने प्रेमनगर थानांतर्गत सातार रोड पर रविवार रात चालक को गोली मारकर आपे लूट लिया। वह चालक को लहूलुहान अवस्था में सड़क पर फेंक कर भाग गए। घायल चालक की हालत देख कर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप है।
नवाबाद थानांतर्गत ऐवट मार्केट तालपुरा निवासी हामिद (40) पुत्र सिद्दीक आपे संख्या यूपी93एटी- 6991 का चालक है। रविवार की रात करीब नौ बजे वह सवारियों के इंतजार में बस स्टैंड पर खड़ा था। तभी दो युवक उसके पास आए और बबीना चलने के लिए भाड़ा तय किया। इसके बाद हामिद दोनों को लेकर बबीना की ओर चल दिया। हंसारी के सातार रोड पर एकांत जगह देख दोनों युवकों ने चालक हामिद के तमंचा अड़ाकर आपे व नगदी लूटपाट का प्रयास किया। चालक के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। एक गोली उसके सीने में लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश आपे को लूटकर बबीना की ओर तेजी से भाग गए। मौके से निकले लोगों की सूचना पर हंसारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में हामिद को मेडिकल कालेज ले जाया गया।
सूचना पाकर एसपी सिटी व सीओ सदर मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना व आसपास से लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस की टीमें लुटेरों की तलाश में बबीना की तरफ दौड़ा दी गई। एसएसपी किरन एस ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे हैं।