झांसी। रविवार को बस स्टैंड पर जान बचाकर भागे चालक का हमलावर आपे ले गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत नवाबाद थाना पुलिस से की है।
खुशीपुरा निवासी शिवकुमार पुत्र हीरालाल ने बताया कि शनिवार की रात को रेलवे स्टेशन से सवारी बैठाने को लेकर उसका गोविंद चौराहा निवासी एक आपे चालक से विवाद हो गया। कुछ लोगों के हस्तक्षेप से मामला रफादफा भी हो गया। रविवार की सुबह करीब 10 बजे वह स्टेशन पर सवारियों का इंतजार कर रहा था, तभी दो युवक उसके आपे संख्या यूपी93टी- 4446 में आकर बैठ गए और उससे बस स्टैंड चलने को कहा।
वह दोनों सवारियों को लेकर बस स्टैंड पहुंचा तो उन्होंने बरुआसागर चलने की बात कही। उनके तेवर को समझकर उसने बरुआसागर चलने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए आपे से उतरे और उस पर हमला कर दिया। तभी आठ-दस युवक उसे पीटने के लिए दौड़ पड़े, जिन्हें देखकर वह जान बचाकर बस स्टैंड की पुलिस चौकी की तरफ भागा। पुलिस चौकी पर पहुंचकर उसने देखा तो पीछे कोई नहीं था।
इसके बाद वह पुलिस कर्मियों को मामले की जानकारी देकर आपे लेने के लिए लौटकर गया तो आपे नहीं मिला। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के लिए दौड़े लोग ही उसका आपे उठाकर ले गए हैं। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत नवाबाद थाना पुलिस से कर दी है।