अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि करीब 15 दिन बढ़नी तय है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने इसके लिए शासन को पत्र भेज दिया है। शुक्रवार शाम तक शासन से अनुमति मिलने की उम्मीद है। यदि अनुमति नहीं मिली तो आठ मार्च के बाद से विलंब शुल्क के साथ आवेदन भरे जाएंगे।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन 15 फरवरी से शुरू कर दिए गए थे। शासन से जारी कार्यक्रम के अनुसार आठ मार्च तक सामान्य शुल्क और नौ से 15 मार्च तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन भरा जा सकेगा। बीयू प्रशासन को दो लाख से ज्यादा फार्म भरने की उम्मीद है। इसके चलते बीयू कुलसचिव ने शासन को पत्र लिखकर फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है। चूंकि बीएड के प्रति युवाओं की रुचि कम हो रही है, इसलिए फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों की संख्या में धीमी गति से इजाफा हो रहा है। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि शासन को अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए पत्र भेज दिया गया है। शुक्रवार शाम तक शासन से अनुमति मिलने की उम्मीद है। ं