कांग्रेसियों ने पूछा, कब आएंगे अच्छे दिन
- फोटो : Amar Ujala
झांसी। कांग्रेस ने सिंधी चौराहे पर शिविर लगाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में प्रधानमंत्री को जवाबी पोस्टकार्ड लिखकर भेजे। इनमेें पीएम से पूछा गया कि आखिर अच्छे दिन कब आएंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने चुनावी भाषणों में अच्छे दिन आने और प्रत्येक गरीब के खाते में 15 लाख रुपये पहुंचने का दावा किया था। आज हर आदमी अच्छे दिन आने का इंतजार कर रहा है। जनता पोस्टकार्ड के माध्यम से पीएम से सवाल पूछ रही है कि अच्छे दिन कब आएंगे। शहर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन ने कहा कि झांसी विधानसभा में पोस्टकार्ड अभियान लगातार चलाया जाएगा। यदि जवाब नहीं आया तो कांग्रेस जनसहभागिता के साथ धिक्कार दिवस मनाएगी।
इस मौके पर मनोज गुप्ता, सुनील तिवारी, मनीराम कुशवाहा, नौशेखान, जगमोहन मिश्रा, रशीद मंसूरी, अरविंद, मुकुट बिहारी मिश्रा आदि उपस्थित रहे। संचालन अफसर खान ने किया।