झांसी। रविवार को मां सोसायटी फॉर स्पेशल नीड्स चिल्ड्रन के छठवें वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने आजादी के अमृत महोत्सव पर आधारित एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा बिखेरी।
सिविल लाइन स्थित मां सोसायटी के केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट आवश्यकताओं वाले बच्चों ने गीत-संगीत के कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। बालक कुनाल ने अपनी मधुर आवाज में गीत ‘ऐ मेरे प्यारे वतन...’ सुनाकर सभी की आंखें नम कर दीं। इसके बाद बच्चों ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की गौरवगाथा पर आधारित लघु नाटक का मंचन किया। इसके बाद बच्चों ने फौजी वर्दी पहनकर ‘मां सेंटर का हर बच्चा है अग्निवीर...’ गीत की शानदार प्रस्तुति की। बच्चों की इस प्रस्तुति की वहां मौजूद सभी लोगों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए नेहा शर्मा ने मां सोसायटी के बच्चों की प्रतिभा की जानकारी दी। इस अवसर पर अतुल शर्मा समेत बच्चों के अभिभावक व अन्य लोग मौजूद रहे।