अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शनिवार आधी रात को ओरछा से दर्शन करके झांसी लौट रहे युवकों की कार आजादपुरा के आगे खजऊ बावड़ी के पास पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने के बाद कार में आग लग गई। उसमें सवार दोनों युवक अंदर ही फंस गए। उसी समय उधर से गुजर रहे पुलिसकर्मियों ने किसी तरह शीशा तोड़कर अंदर फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला।
सीपरी बाजार थाना के लहर गिर्द मोहल्ला निवासी अनमोल पिता जितेंद्र नारायण शुक्रवार को अपने दोस्त सागर त्रिपाठी के साथ ओरछा गया था। देर-रात दोनों झांसी लौट रहे थे। आधी रात को दोनों जैसे ही आजादपुरा होते हुए खजऊ बावड़ी के पास पहुंचे, रफ्तार तेज होने से कार सड़क के किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। उसी समय उधर से ओरछा थाना प्रभारी जगतपाल सिंह पुलिसकर्मियों के साथ गुजर रहे थे। कार में आग लगती देख उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर उसका शीशा तोड़ा और दोनों युवकों को बाहर निकाला। हादसे की वजह से दोनों युवकों को चोट आई है। आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। दमकल की गाड़ियों ने पहुंचकर आग बुझाई।