झांसी। फ्लैट देने के नाम पर डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों से करोड़ों की ठगी का आरोपी बिल्डर संदेश गुप्ता पुलिस को 15 दिनों से छका रहा है। आरोपी बिल्डर के खिलाफ 14 नवंबर को महिला ने ठगी एवं जालसाजी के आरोप में नया मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए आरोपी बिल्डर को तलाशना शुरू किया लेकिन बिल्डर मोबाइल बंद करके गायब हो गया। इससे पुलिस ने भी दिलचस्पी लेना बंद कर दिया जबकि उसके शिकार लोग पुलिस से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
सिविल लाइंस के जानकी पुरम कॉलोनी निवासी बिल्डर संदेश गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में विभिन्न थानों में कई प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी संदेश गुप्ता के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। संदेश की धोखाधड़ी के कई मामले अब भी सामने आ रहे हैं। 14 नवंबर को बीएचईएल निवासी शालिनी सिंह ने प्रेमनगर थाने में संदेश पर धोखाधड़ी करके 8.67 लाख रुपये हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अन्य भुक्तभोगी भी बिल्डर के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे। उनका कहना है कि आरोपी बिल्डर लाखों रुपये लेने के बाद भी कब्जा नहीं दे रहा है।
रेलवे स्टेशन के सामने की दुकानों को देने के लिए भी उसने कई लोगों से मोटी रकम हड़प ली। इन लोगों को न दुकान मिली न ही उनके पैसे वापस हुए। अब परेशान लोग थानों के चक्कर काट रहे हैं। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि प्राथमिकी के आधार पर आरोपी बिल्डर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। ब्यूरो