झांसी। हल्दी और लगन चढ़ जाने से दुल्हन अंजू का उसी मंडप में विवाह कर दिया गया। रविवार रात बंगरा निवासी युवक छपरा गांव में बरात लेकर पहुुंचा। गमगीन माहौल में वर-वधू ने सात फेरे लिए और जयमाला की रस्म हुई। कन्यादान दुल्हन के चाचा मुन्नालाल ने किया। कन्या पक्ष की ओर से सभी रिश्तेदार यहां मौजूद रहे।
शुक्रवार रात 12 बजे पारीछा ओवरब्रिज पर हुए हादसे में दूल्हा आकाश समेत चार लोगों की जलकर मौत हो गई थी। लेकिन तब तक दुल्हन की हल्दी एवं लगन की रस्म पूरी हो गई थी। लोक मान्यता के मुताबिक हल्दी की रस्म के बाद कन्या का विवाह आवश्यक हो जाता है। ऐसे में परिजनों ने वर की तलाश शुरू की। पहले पृथ्वीपुर में शादी तय हो गई। शनिवार को बरात आनी थी, लेकिन अंतिम क्षण में वर पक्ष ने बरात लाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद रिश्तेदारों की मदद से बंगरा निवासी एक युवक से उसका रिश्ता तय हुआ। रविवार रात करीब आठ बजे दूल्हा बरात लेकर पहुंचा। बरात का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी रस्में पूरी की गईं। सोमवार को दुल्हन को विदा किया जाएगा। ब्यूरो