झांसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की वीर भूमि झांसी के एलवीएम ग्राउंड पर बुधवार को सेना के वीर जवान अपना जौहर दिखाएंगे। इसकी शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। जबकि, ललितपुर रोड पर स्थित हाथी ग्राउंड में सेना के हथियारों की प्रदर्शनी लगेगी।
राष्ट्ररक्षा समर्पण पर्व के तहत बुधवार को एलवीएम में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक सेना द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शुरुआत में बीएसएफ की ओर से डॉग शो और हॉर्स जंपिंग शो होगा। इसके बाद वायुसेना के जवान लड़ाकू विमानों से पैराशूट के जरिये छलांग लगाकर मैदान में उतरेंगे। डीआरडीओ की ओर से स्वार्म ड्रोन डिस्प्ले होगा। इसमें एक साथ कई ड्रोन उड़ेंगे। इसके बाद आर्मी के जवान हॉट एयर बैलून में उड़ते नजर आएंगे। स्कूली बच्चों को भी उड़ने का मौका मिलेगा, तो वहीं सेना के जवान पैरामोटर के जरिये कैंट क्षेत्र से उड़ान भरकर एलवीएम ग्राउंड में उतरेंगे। कार्यक्रम के अंत में सेना के बैंड देशभक्ति की धुनें छेड़ेंगे।
रणभूमि की ‘भीष्मा’ को देखने का मिलेगा मौका
झांसी। ललितपुर रोड स्थित हाथी ग्राउंड में बुधवार को सेना के शस्त्रों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसका रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर 12.30 बजे शुभारंभ करेंगे। प्रदर्शनी में युद्धभूमि में दुश्मन के दांत खट्टे करने वाली रूस और फ्रांस की सहायता से विकसित की गई भीष्मा तोप देखने को मौका मिलेगा। इसके अलावा टी-72 ट्रॉल टैंक, पानी में भी तैरने वाले बीएमपी-2 तोप, रूस द्वारा निर्मित टी-72 अजेय टैंक, मिनटों में सेना के लिए पुल तैयार करने वाली ब्रिज लेइंग टैंक समेत मिसाइल, अत्याधुनिक बंदूक आदि हथियारों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।