अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-ललितपुर हाईवे पर बबीना के घिसौली गांव के पास बरामद हुए युवक के शव की बुधवार को शिनाख्त हो गई। शव अर्धनग्न हाल में बरामद हुआ। युवक के शरीर पर अधोवस्त्र नहीं थे। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की छानबीन कर रही है।
बबीना निवासी रवि रायकवार (33) पुत्र दशरथ पत्नी सीमा के साथ किराए के मकान में रहकर प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने बताया कि 20 अप्रैल को सीमा शादी में शामिल होने बरुआसागर स्थित मायके गई थी। शाम करीब सात बजे रवि ने पत्नी से फोन पर बात की। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। देर-रात परिवार के लोगों के पहुंचने पर रवि नहीं मिला। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसके न मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कराने बबीना थाने पहुंचे। पुलिस के अज्ञात शव दिखाने पर परिजनों ने उसकी शिनाख्त कर ली। परिजनों को बताया 20 अप्रैल की रात करीब 10 बजे घिसौली में हाइवे के पास से अर्धनग्न हाल में शव बरामद हुआ। पुलिस दुर्घटना की आंशका जता रही है, लेकिन परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि रवि ने अधोवस्त्र नहीं पहने थे। ऐसे में हत्या करके उसका शव वहां फेंका गया।
थानाध्यक्ष अजमेर सिंह भदौरिया का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी। मामले की छानबीन कराई जा रही है।