संवाद न्यूज एजेंसी
चिरगांव। मॉर्निंग वॉक के लिए निकले किशोर का शव एक दिन बाद मंगलवार को हाईवे के किनारे रक्तरंजित अवस्था में मिला, जिससे परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चिरगांव के मोहल्ला करइयनपुरा में पंचायत भवन के पास रहने वाले स्व. बृजमोहन यादव का पुत्र पीयूष यादव (17) सोमवार की सुबह पांच बजे रोजाना की तरह हाईवे पर मॉर्निंग वाॅक के लिए निकला था। आठ बजे तक घर लौटकर न आने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता न चलने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजन ने सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। परिजन भी खोजबीन में जुटे हुए थे। इसी बीच मंगलवार की दोपहर तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे के किनारे कृष्णा ढाबा के निकट एक शव खंती में पड़ा है। शव से दुर्गंध आ रही है। सूचना पर चिरगांव थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक आनंद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान पीयूष यादव के रूप में की गई। सूचना पर फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। ढाबे के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने पर नजर आया कि एक लाल रंग की कार ने उसे टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर उछलकर खाई में चला गया।
बता दें कि मृतक ने इसी साल इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उसके पिता की दो माह पहले कैंसर की वजह से मौत हो गई थी। वही एक मात्र अपनी मां का सहारा था। मौत की खबर पाकर परिवार में मातम छा गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। बेटे को याद कर वह बार-बार बेसुध हो जा रही है।
चिरगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि किशोर की मौत कार की टक्कर से हुई है। कार चालक की तलाश की जा रही है। इसके लिए हाईवे व आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।