अमर उजाला ब्यूरो
झांसी/सिरसा। कोतवाली के हींगन कटरा निवासी अर्चित अग्रवाल को हरियाणा से आई सिरसा पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अर्चित पर ट्रेडिंग का लालच देकर 7.40 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। सिरसा पुलिस उसे अपने साथ लेकर हरियाणा रवाना हो गई।
सिरसा पुलिस टीम की अगुवाई कर रहे सुभाष चंद्र ने बताया 9 दिसंबर 2024 को फतेहाबाद निवासी विकास ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में 200 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने पर उसे एक एप डाउनलोड कराया गया। ट्रेडिंग के तहत पैसा कमाने का लालच देकर अलग-अलग खातों में कुल 7,40,000 रुपये जमा करवाए गए। साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही थी। जांच में मालूम चला कि ठगी में प्रयुक्त यूको बैंक का खाता नंबर झांसी निवासी शेर सिंह कुशवाहा के नाम पर है। शेर सिंह ने यह खाता अर्चित अग्रवाल को बेच दिया था। सुराग लगाते हुए पुलिस टीम अर्चित के घर जा पहुंची।
इनसेट
10 से 15 हजार रुपये में किराये पर लेते हैं बैंक खाते
साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते पहले भी कोतवाली इलाके से पकड़े जा चुके। कोतवाली इलाके में रहने वाले शातिर जालसाज 10-15 हजार रुपये में किराए पर लेकर इन बैंक खाते में जालसाजी की रकम जमा कराते हैं। पिछले माह हरियाणा एवं हैदराबाद पुलिस ने शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर ठगी करने के आरोप में दाऊ समोसे वाली गली से सौरभ रायकवार, तिलयानी बजरिया से कोकव शेरवानी, तलैया मोहल्ला में आबिद खान एवं सैंयर गेट निवासी तरुण उपाध्याय को पकड़ा था। एक साल के दौरान कोतवाली इलाके से नौ लोग पकड़े जा चुके।