पुलिस ने बोलेरो को भी किया जब्त, आरोपी तालबेहट का निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बुधवार की रात ग्वालियर से बनारस जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस के मगरपुर स्टेशन के पास बोलरे से टकराने के मामले में आरपीएफ लोको की टीम मौके पहुंची। वहां से वाहन के चालक समेत तीनों लोगों को अपने साथ थाने ले आई। दो को छोड़कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मगरपुर रेलवे स्टेशन के पहले रेल पटरी पार करते वक्त बोलरे ट्रैक में फंस गई थी। कार चालक रविंद्र सिंह तोमर निवासी ग्राम बाउचर थाना तालबेहट, उसमें सवार हेमंत साहू निवासी ग्राम खैरा डांग जिला ललितपुर और अनुतेंद्र सिंह निवासी ग्राम उचेहरा थाना तालबेहट ने जैसे ही ट्रेन को आते देखा, तीनों वाहन से बाहर आकर खड़े हो गए। इधर, ट्रेन के लोको पायलट ने बोलेरो को ट्रैक पर आता देख इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रेन बोलेरो से टकरा गई। वाहन के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही थी कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। टक्कर के बाद ट्रेन को सुरक्षा कारणों से रनिंग स्टाफ ने रोक दिया और परीक्षण करने के बाद रवाना किया गया। इससे ट्रेन तकरीबन 35 मिनट लेट हो गई थी। इधर, सूचना पाकर आरपीएफ की लोको पोस्ट की टीम के साथ जीआरपी के जवान भी मौके पर पहुंच गए और तीनों को थाने ले आए।
वहीं, टीम ने सबसे पहले ट्रैक को साफ कराकर जांच कराई। थाने में तीनों को लाने के बाद पूछताछ की गई तो चालक रविंद्र ने बताया कि वह गाड़ी चला रहा था। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बाकी दो को छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ और उनकी जान जोखिम में डालने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में आरपीएफ लोको इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह परिहार ने बताया कि वाहन के चालक को गिरफ्तार किया गया है।
बॉक्स
एकाएक झटका लगने से सहमे यात्री
लोको पायलट ने जब बोलेरो को ट्रैक पर देखा तो उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे यात्रियों को झटका लगा और उसके बाद बोलेरो के टकराने के बाद यात्री सहम गए। जो यात्री सो रहे थे, वह उठकर बैठ गए। ट्रेन रुकने पर मालूम हुआ कि ट्रेन किसी चार पहिया वाहन से टकराई है।