वाणिज्य कर मुख्यालय की सूचना पर सचल दल ने बुधवार सुबह पुलिस की मदद से परचून का सामान ले जा रहे दो ट्रकों को पकड़ लिया। दोनों में बिना प्रपत्र का माल बरामद हुआ। बृहस्पतिवार को माल का भौतिक सत्यापन होगा। दस मई से अब तक एक ही ट्रांसपोर्ट कंपनी की चार गाड़ियां पकड़ी जा चुकी हैं।
बुधवार की सुबह चार बजे वाणिज्य कर मुख्यालय को एक व्यक्ति ने सूचना दी कि मिनर्वा चौराहा स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के दो ट्रक टैक्स चोरी का माल लेकर ग्वालियर से झांसी आ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने यह सूचना जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों व झांसी के वाणिज्य अफसरों को भी दी। इस पर वाणिज्य कर सचल दल एक के प्रभारी अभिषेक गुप्ता नवाबाद पुलिस की मदद से ट्रकों को पकड़ने निकले। सचल दल ने इलाइट चौराहे के निकट परचून के सामान से भरे ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 3671 व एमपी 07 जी 3109 को पकड़ लिया। बाद में दोनों ट्रकों को अंबावाय चेक पोस्ट ले जाकर खड़ा करवाया। प्रारंभिक जांच में दोनों ट्रकों में लदे माल से संबंधित एक भी प्रपत्र चालक नहीं दिखा सके। वहीं, ज्वाइंट कमिश्नर विशेष अनुसंधान शाखा मुक्ति नाथ वर्मा के निर्देश पर दोनों गाड़ियों का भौतिक सत्यापन करने के लिए सहायक कमिश्नर कैलाश नाथ सरोज की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
वाणिज्य दफ्तर का चक्कर काटते रहे व्यापारी
पकड़े गए वाहनों में झांसी के जिन व्यापारियों का माल लाया जा रहा था। वे माल छुड़ाने के लिए वाणिज्य कार्यालय के चक्कर काटते रहे। व्यापारियों को अब 40 प्रतिशत टैक्स जमा करना होगा।
36 हजार शुल्क देकर माल छुड़ाया
बुधवार की सुबह ग्वालियर रोड पर सिद्देश्वर मंदिर के बगल से जाने वाले रास्ते पर ईदगाह के पास एक ट्रक से टैक्स चोरी का माल उतारा जा रहा था। सूचना पर सचल दल प्रभारी कैलाश नाथ सरोज मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने तक ट्रक क्रमांक यूपी 93 ई 6404 से अधिकांश माल उतारा जा चुका था। टीम केवल नब्बे हजार का माल जब्त कर सकी। नोटिस जारी होने पर ट्रक चालक ने 36 हजार रुपये शमन शुल्क जमा कर माल छुड़ा लिया।