संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के इंटिग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब में जल्द ही 120 प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी। लैब का भवन बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही मशीनों को स्थापित किया जाएगा। मशीनों के शिफ्ट होने के साथ ही 24 घंटे जांच की सुविधा शुरू हो जाएगी।
पुरानी पैथोलॉजी का जीर्णोद्धार कर इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब मानक के अनुरूप बनाई गई है। बिजली फिटिंग व एसी भी लगा दी गई है। लैब में एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की जांच सुविधा की गई है। मरीज किसी भी समय चिकित्सीय परामर्श पर जांच करा सकेंगे। इससे जांच के लिए मरीजों की कतार नहीं लगेगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लैब में मशीनों को शिफ्ट किया जाएगा, इसमें कुछ सप्ताह से अधिक का समय लग सकता है।
-
ये होंगी जांचें
लैब में डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रबटाइफस, मलेरिया, एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम, कालाजार, डायरिया, टीबी, एड्स समेत संचारी रोगों से जुड़ी सभी प्रकार की जरूरी जांचें होंगी। इसके अलावा कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, गुर्दा, मोतियाबिंद, अल्जाइमर समेत अन्य सभी गैर संचारी रोगों की जांचें भी आसानी से हो सकेंगी।
-
इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बनकर तैयार है। शेष कार्य पूर्ण होने के साथ ही मशीनों को शिफ्ट कर जांच की सुविधा शुरू कराई जाएगी।- डॉ. विशाल जैन, सहायक आचार्य, मीडिया प्रभारी, मेडिकल कॉलेज