झांसी।प्रेमनगर में रहने वाले दसवीं के एक छात्र का शव पुलिया नंबर नौ पर पटरियों के पास पड़ा पाया गया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई होगी।
बांदा में तैनात सिपाही बाबूलाल आर्य का परिवार हाट के मैदान के पास प्रेमनगर में रहता है। उनका बड़ा बेटा रोहित समथर में बैंक कर्मचारी है, जबकि छोटा बेटा मोहित (15) हाईस्कूल का छात्र था। शुक्रवार की शाम वह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला था। कोचिंग से छूटने के बाद उसके दोस्त ने उसे स्टेशन के नजदीक छोड़ दिया। मगर, इसके बाद पुलिया नंबर नौ के निकट अंडर ब्रिज रेल पटरियों के पास किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। लोगों ने उसका शव पड़ा देखा तो जानकारी प्रेमनगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया।
इधर, जब रोहित देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मुहल्लेवासियों के साथ उसकी तलाश शुरू की। थाने में उनको बताया गया कि एक किशोर का शव पटरियों के पास मिला है। इस पर सभी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए, जहां शव की पहचान रोहित के रूप में की गई। रोहित की मौत से परिजनों का बुरा हाल है।