झांसी। अनलॉक प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। लगातार नए मरीज सामने आने का सिलसिला जारी है। इसी का नतीजा है कि पिछले आठ माह के भीतर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या ने दस हजार का आंकड़ा पार कर लिया है।
जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण का पहला मामला 27 अप्रैल को सामने आया था। ओरछा गेट निवासी 59 वर्षीय एक महिला में इस महामारी का संक्रमण पाया गया था। इसके बाद इक्का-दुक्का मरीज मिलते रहे और मई माह तक जिले में संक्रमितों की संख्या 42 तक ही सीमित थी। जबकि, पांच संक्रमितों की मौत हुई थी। जून में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार धीमी रही। जून माह की समाप्ति तक सिर्फ 193 लोगों में ही इस महामारी की जकड़न पाई गई थी। वहीं, मौत का आंकड़ा 18 पर था। लेकिन, जुलाई में अनलॉक प्रक्रिया शुरू होने के साथ इस महामारी ने जिले में तेजी से अपने पैर फैलाए। जुलाई की समाप्ति तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,219 पर पहुंच गई थी और मौत का आंकड़ा 66 पर जा पहुंचा था। अगस्त में भी ये महामारी अपनी रफ्तार से लोगों को अपनी चपेट में लेती रही। अगस्त माह में जिले में संक्रमितों की संख्या 4,468 पर पहुंच गई थी और मौत के आंकड़ों ने 99 का अंक छू लिया था। सितंबर माह में भी इस महामारी की रफ्तार बेकाबू रही। एक माह में 2,804 नए मरीज सामने आए और 56 संक्रमितों ने जान गंवाई। सितंबर तक 7,272 लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया जा चुका था और इनमें से 155 संक्रमितों की मौत भी हो चुकी थी। अक्तूबर की समाप्ति तक संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 8,401 पर पहुंच गया था। नवंबर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,534 पर पहुंच गई और अब कोरोना संक्रमितों के आंकड़े ने 10,005 का आंकड़ा छू लिया है। इसके अलावा अब तक 173 संक्रमितों की जान भी जा चुकी है।
9,639 मरीज दे चुके हैं बीमारी को मात
झांसी। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 96.34 प्रतिशत लोग इस महामारी की जकड़न से आजाद हो चुके हैं। अब तक जिले में 10,005 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, लेकिन इनमें से 9,639 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वर्तमान में 193 सक्रिय संक्रमित हैं। इनमें से 29 को छोड़ बाकी सभी सूक्ष्म या बगैर लक्षण वाले रोगी हैं।