पंचायत चुनाव के लिए आये मतदाता पत्र
झांसी। पंचायत चुनावों के मद्देनजर झांसी में साढ़े दस लाख मतदाता प्रपत्र भेजे गए हैं। अधिसूचना जारी होते ही इनकी मदद से बीएलओ नई मतदाता सूची बनाने का काम आरंभ करेंगे हालांकि कोविड प्रकोप के चलते चुनाव के समय पर होने की संभावना बेहद कम है।
त्रिस्तरीय पंचायत का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो जाएगा। इसके पहले ही चुनाव संबंधी प्रक्रिया पूरी कर लेनी है लेकिन, जुलाई तक मतदाता सूची बनाने का काम भी शुरू नहीं हो सका। तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक अप्रैल-मई के बीच अधिसूचना जारी होनी थी। अगस्त तक नई मतदाता सूची बनाने में काम पूरा हो जाना था लेकिन, अभी अधिसूचना ही जारी नहीं हुई हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग धीमे-धीमे अपनी तैयारियों को पूरा करने में जुटा है। उसकी ओर से पंचायत चुनावों की मतदाता सूची तैयार करने के लिए झांसी को कुल 10,56,960 बीएलओ गणना पुस्तिका भेजी गई हैं। इसके साथ विभिन्न प्रकार के 19 प्रपत्र भेजे गए हैं। इनके माध्यम से बीएलओ घर-घर जाकर नए सदस्य जोड़ने के साथ मृत अथवा विस्थापित लोगों का नाम सूची से हटाने का काम करेंगे। खास बात यह कि पहली बार इस निर्वाचन नामावली के साथ मतदाता अपना मोबाइल नंबर एवं आधार कार्ड नंबर भी दर्ज करा सकेंगे हालांकि यह ऐच्छिक है। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अधिसूचना जारी होते ही यह कार्य शुरू करा दिया जाएगा हालांकि उनका यह भी कहना है कि चुनाव तयशुदा समय पर करा पाना संभव नहीं। ऐसे में कार्यकाल बढ़ने की गुंजाइश अधिक दिखती है।
नया परिसीमन नहीं, बदलेगा आरक्षण
आगामी पंचायत चुनाव के लिए झांसी में नया परिसीमन नहीं कराया जाएगा हालांकि चक्रानुक्रम आरक्षण के मुताबिक सीटों के आरक्षण में बदलाव होगा। बता दें, यह पंचायत चुनाव भी वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक ही कराए जाएंगे इस वजह से परिसीमन में बदलाव नहीं होगा हालांकि जिन जनपदों में शहरी सीमा में इजाफा हुआ है वहां नए सिरे से परिसीमन भी कराया जाएगा।
एक नजर में पंचायत
ग्राम पंचायतें 496
ब्लॉक 8
ग्राम प्रधान 496
पंचायत सदस्य 6170
क्षेत्र पंचायत सदस्य 599
जिला पंचायत सदस्य 24
कुल मतदाता 884085