संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण एवं श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर 22 जनवरी बुधवार को महानगर के मंदिरों एवं कालोनियों में भव्य धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिरों से लेकर घरों तक में दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। सुंदरकांड का पाठ एवं भगवान का मनमोहक शृंगार तथा आरती होगी। जगह-जगह भंडारा और प्रसाद वितरण होगा। सदर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बलदाऊ मंदिर सदर से सुबह 11 बजे गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसका सदर बाजार में जगह-जगह स्वागत होगा। पुजारी हृदेश शुक्ला ने बताया कि शोभायात्रा में आकर्षक रथ पर श्रीराम दरबार विराजमान होगा। मंदिर में श्रीराम दरबार की पूजा एवं आरती होगी और प्रसाद वितरित होगा। इधर, सदर बाजार में श्रीराम मानव सेवा समिति के तत्वावधान में प्रत्येक माह की 22 तारीख को भंडारे का आयोजन 22 जनवरी 2024 से किया जा रहा है। 22 जनवरी बुधवार को एक वर्ष पूर्ण होगा।
आशुतोष जैन ने बताया कि समिति की ओर से सुंदरकांड का पाठ, हवन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इधर, माधौ बेडिया स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ, भजन कीर्तन, दीपदान होगा। पुजारी अनूप पाठक के अनुसार, मंदिर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। रात्रि में महाआरती एवं प्रसाद वितरण होगा। इधर, श्री गोपीनाथ जी के मंदिर में श्री सीताराम मंत्र का 1008 बार जाप होगा। भगवान का अभिषेक किया जाएगा। शृंगार के बाद भगवान को 56 भोग का प्रसाद अर्पण होगा। महंत मार्तंड स्वामी ने बताया कि मंदिरों में भजन कीर्तन होगा।
महाराष्ट्र गणेश मंदिर में सुंदरकांड का पाठ होगा। शाम को श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित कर भजन कीर्तन करेंगे। गजानन खानवलकर ने बताया कि प्रसाद वितरण होगा। इधर, रघुनाथजी मंदिर सीपरी में सुबह भगवान का अभिषेक एवं शृंगार के बाद दोपहर 12 बजे महाआरती की जाएगी। पुजारी कैलाश नारायण पाठक के अनुसार शाम को दीपोत्सव मनाया जाएगा।
सदर बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पंडित चंद्रप्रकाश गोस्वामी शास्त्री के निर्देशन में सुंदरकांड का पाठ, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण होगा।स्वामीपुरम धाम स्थित श्री कन्हेश्वर महादेव मंदिर में सुंदरकांड का पाठ एवं प्रसाद वितरण होगा। सचिव विवेक दत्त स्वामी ने बताया कि शाम को सभी घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।