संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। चलती ट्रेन में चढ़ रहे किशोर का पैर कोच व प्लेटफार्म के बीच फंसने से रगड़ गया। इससे वह लहूलुहान हो गया। किशोर जखौरा स्टेशन पर पानी लेने के लिए प्लेटफार्म पर उतरा था। झांसी स्टेशन पर बच्चे का प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। किशोर परिजनों के साथ हजरत निजामुद्दीन जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था।
खजुराहो से चलकर कुरुक्षेत्र जा रही गीता जयंती एक्सप्रेस में सवार बड़ागांव टीकमगढ़ निवासी घनश्याम अहिरवार पत्नी पिंकी व 15 वर्षीय संतराम ललितपुर से निजामुद्दीन जा रहे थे। तीनों सामान्य कोच में सवार थे। जखौरा स्टेशन पर संतराम प्लेटफार्म पर पानी लेने के लिए उतर गया। इसी बीच गाड़ी चलने पर संतराम दौड़कर चढ़ने लगा और असंतुलित होने से उसका पैर कोच व प्लेटफार्म के बीच फंसकर रगड़ गया। यह देख यात्रियों ने संतराम को कोच के अंदर खींच लिया। लेकिन उसका पंजा लहूलुहान हो गया। यात्रियों ने हेल्पलाइन पर सूचना दी। झांसी प्लेटफार्म पर परिजनों ने बच्चे को उतार लिया। रेलवे डॉक्टर व आरपीएफ मौके पर पहुंची। आरपीएफ प्रभारी विकास पंचोली ने बताया कि किशोर का प्राथमिक उपचार कराने के बाद एंबुलेंस बुलाकर बच्चे को परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।