चिरगांव (झांसी)। दुकान से सामान खरीदकर घर आ रही एक किशोरी तथा मासूम बच्ची को बाइक सवार दो युवक धमकाकर उठा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस तथा ग्रामीणों ने घेराबंदी करते हुए दोनों को मुक्त करा लिया, लेकिन बाइक सवार भागने में सफल रहे।
पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम सेसा निवासी 17 वर्षीय किशोरी चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी बुजुर्ग में अपने मामा के घर आई थी। शनिवार दोपहर वह अपने मामा की पांच वर्षीय पुत्री को साथ लेकर किराने की दुकान से कुछ सामान खरीदने गई थी। जब वह सड़क पार करके घर की ओर आ रही थी तभी बाइक सवार दो युवक धमकाते हुए दोनों को बाइक पर बैठा कर चिरगांव की ओर ले गए। किशोरी व बालिका के अपहरण की खबर मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
हरकत में आई पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग शुरू कर दी।
खुद को पुलिस व ग्रामीणों से घिरा पाकर बाइक सवार घबरा गए और मोंड़ कला गांव के पास दोनों को छोड़ कर भाग गए। किशोरी के मामा की तहरीर पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।