झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में मंगलवार को अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में टीकाराम और अतर्रा कॉलेज के बीच मुकाबला हुआ। इसमें टीकाराम महाविद्यालय की टीम ने मैच जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में अतर्रा कॉलेज की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। बल्लेबाज सीहोन ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। टीकाराम कॉलेज के राहुल यादव व राहुल कुमार ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीकाराम कॉलेज ने पांच विकेट खोकर 99 रन बनाकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टीकाराम कॉलेज के राहुल यादव ने सर्वाधिक 63 रन बनाए। अतर्रा कॉलेज के गेंदबाज नितेश ने दो और राधेश्याम व अस्मित ने एक-एक विकेट लिए। प्रतियोगिता का समापन पर कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सूरजपाल सिंह ने आभार जताया। प्रतियोगिता के दौरान डॉ. उपेंद्र सिंह तोमर, अनिल झरबड़े, संजय साहू, रामविलास पटेल, निर्णायक परवेज खान, राघवेंद्र यादव, पीयूष नामदेव, विवेक चौहान, ओमप्रकाश, सुरेश मौर्य, अभिलाष, आशीष मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आधार पर चयनित छात्र 20 नवंबर को अलीगढ़ में उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जाएंगे।