झांसी। रेलवे के कैरिज एंड वैगन विभाग द्वारा नई तकनीक के एलएचबी कोचों के अनुरक्षण व ट्रबलशूटिंग विषय पर तकनीकी कार्यशाला का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में किया ।
कार्यशाला में नई दिल्ली की कंपनी मेसर्स फैविले ट्रांसपोर्ट इंडिया व मेसर्स नॉर ब्रेमसे इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने एचएचबी कोचों में आने वाली समस्याओं को दूर करने व हॉट बाक्स पहचान के लिए मेसर्स कैरिल सॉल्यूशन लखनऊ के प्रतिनिधियों ने पावर प्वाइंट के माध्यम से व्याख्यान दिया। इस मौकेे पर डीआरएम संदीप माथुर ने कहा कि नई तकनीक का कोचों के अनुरक्षण और सुरक्षित परिचालन में इस प्रकार की कार्यशाला का विशेष महत्व है। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर करुणेश श्रीवास्तव ने कैरिज एंड वैगन विभाग के प्रदर्शन की समीक्षा की। कार्यशाला में अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एम घोष, मंडल यांत्रिक इंजीनियर भानू प्रताप सिंह के साथ ही ग्वालियर, बांदा, खजुराहो, झांसी, आगरा, इलाहाबाद, कानपुर के डिपो अधिकारी व पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
निरस्त रहेगी पैसेंजर
झांसी। गुना- बीना खंड में अनुरक्षण कार्य के चलते 15 दिसंबर से 13 जनवरी तक बीना गुना और गुना बीना पैसेंजर का संचालन निरस्त रहेगा। साथ ही उक्त अवधि में ग्वालियर बीना व बीना ग्वालियर पैसेंजर और ग्वालियर भोपाल व भोपाल ग्वालियर पैसेंजर का संचालन बीना से गुना के बीच निरस्त रहेगा।
निरीक्षक व कर्मचारी इधर- उधर
झांसी। रेलवे के वाणिज्य विभाग में कार्यरत 17 निरीक्षक, डिपो इंचार्ज व कर्मचारियों को सीनियर डीसीएम डॉ. जितेंद्र कुमार के निर्देश पर इधर- उधर कर दिया गया। सूची जारी कर दी गई है।
चिकित्सा स्मार्ट कार्ड पंजीयन शिविर 16 को
झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में 16 दिसंबर को सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए चिकित्सा स्मार्ट कार्ड (उम्मीद) में पंजीकरण कराने के लिए शिविर आयोजित होगा। शिविर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का भी निराकरण होगा। शिविर सुबह 9.30 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।