छतरपुर के आसपास ही डेरा डाले रहीं टिड्डियां खरीफ फसल को लेकर किसानों में चिंता झांसी। मप्र के अशोक नगर एवं छतरपुर की ओर मौजूद टिड्डियों के मऊरानीपुर आने की आशंका के चलते कृषि अधिकारियों ने यहां टीमें तैनात कर दी लेकिन, दक्षिण-पश्चिम दिशा में हवा के बहाव के चलते टिड्डियों ने इधर का रुख नहीं किया। कृषि अधिकारियों का मानना है कि हवा के बहाव के प्रतिकूल होते ही टिड्डियों का दल झांसी, ललितपुर की ओर आएगा। उधर, टिड्डियों का प्रभाव लगातार बने रहने से खरीफ फसल को लेकर किसानों में चिंता बढ़ गई है। बुंदेलखंड के आसपास के इलाकों में टिड्डियों के संभावित हमले को देखते हुए पिछले दो सप्ताह से कृषि टीमें एलर्ट पर हैं। शुरूआत में हमले के बाद से टिड्डियों का यह दल मप्र के समीपवर्ती जिलों की ओर निकल गया। उसके बाद से छतरपुर, शिवपुरी, गुना, पन्ना आदि इलाकों में ही इसने डेरा डाल रखा है। कृषि अधिकारियों का कहना है टिड्डियों का यह दल हवा के बहाव के प्रतिकूल होने से झांसी, ललितपुर आदि इलाकों की ओर दुबारा रूख नहीं कर पा रहा हालांकि राजस्थान से नए दल के भी यहां पहुंचने की आशंका जताई जा रही। आज इनके छतरपुर की तरफ से मऊरानीपुर की ओर आने की सूचना थी। कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार के मुताबिक इसको देखते हुए मऊरानीपुर समेत समीपवर्ती इलाकों में अतिरिक्त टीमें लगाई गई लेकिन, देर-शाम तक हवा के प्रतिकूल बहने से दल यहां नहीं पहुंचा हालांकि टीमों को यहां तैनात किया गया है। टिड्डियों पर प्रभावी नियंत्रण न होने से किसानों में खरीफ फसल को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। खरीफ की बुवाई आरंभ हो गई लेकिन, टिड्डियों की मौजूदगी के चलते किसान नुकसान की आशंका से सहमे हुए हैं।