झांसी। कोरोना वायरस के लगातार मिल रहे नए-नए मामलों के बीच शनिवार को राहत भरी खबर भी आई है। कोरोना पॉजिटिव गर्भवती की डिलीवरी के बाद उसके बच्चे का सैंपल लेकर कोविड लैब में भेजा गया था। शनिवार को बच्चे की जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई। इससे सभी ने राहत की सांस ली है। पांच-छह दिन पहले कोरोना पॉजिटिव मिली महिला ने बृहस्पतिवार देर रात मेडिकल कॉलेज में बेटे को जन्म दिया। संक्रमण की चुनौतियों के बीच नवजात को देख मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ भी उत्साहित दिखा। हालांकि, मां कोरोना संक्रमित होने के कारण बच्चे को उससे दूर कर निक्कू वार्ड में भर्ती कर दिया गया। इसके बाद तुरंत ही बच्चे का सैंपल कोविड लैब भेजा गया। डॉक्टर, स्टाफ और नवजात के परिजन सभी को कोविड जांच रिपोर्ट का इंतजार था। शनिवार को रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई तो सभी लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि, पांच दिन बाद फिर से बच्चे का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। वहीं, जब तक मां की रिपोर्ट निगेटिव नहीं आ जाती है, तब तक बच्चा मां का दूध नहीं पी पाएगा।