अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी के तीन राजकीय महाविद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों का सृजन शासन ने कर दिया है। अब इसी सत्र से इन महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के प्रवेश होने की संभावना है। जल्द ही यहां पर शिक्षक, कर्मचारियों की तैनाती होने की उम्मीद है। राजकीय कॉलेजों के शिक्षकों को तबादला या संबद्ध करके भी यहां तैनात किया जा सकता है।
बुंदेलखंड में लगभग पांच साल पहले शासन से नौ राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण को मंजूरी मिली थी। इसमें ललितपुर के जखौरा में राजकीय महाविद्यालय में सत्र 2022-23 से पढ़ाई शुरू हो चुकी है। हालांकि, यहां पर शिक्षकों के पद सृजित नहीं थे। ऐसे में बीयू ने अपने कैंपस के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ऋषि सक्सेना को यहां के प्राचार्य की जिम्मेदारी दे दी थी। फिर गेस्ट लेक्चरर और ऑनलाइन क्लासेस के जरिये विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू हुई। वहीं, मऊरानीपुर के राजकीय महाविद्यालय कटेरा में पिछले साल सितंबर से प्रवेश खोले गए थे मगर एक भी विद्यार्थी ने प्रवेश नहीं लिया और फिर सत्र शून्य कर दिया गया। इस साल यहां पर भी पदों का सृजन कर दिया गया है। वहीं, बबीना के राजकीय महाविद्यालय गणेशपुरा और राजकीय महाविद्यालय बिजौली में भी शिक्षक और कर्मचारियों के पदों का सृजन हो जाने इस सत्र में यहां पर पठन-पाठन शुरू होने की संभावना है।