अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महानगर में गर्मियों के दिनों में संकटग्रस्त क्षेत्रों में टैंकर संचालन कराया जाता है। जिससे जहां-जहां पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंच पाता है, उन क्षेत्रों में टैंकरों से पानी पहुंच सके। इसके लिए जलसंस्थान ने 16 अप्रैल से 15 अगस्त तक तैयारी की है। इसके टेंडर निकाले जा रहे हैं। वहीं, इन निविदा के माध्यम से जिन क्षेत्रों में टैंकरों का संचालन होगा। उनकी जीपीएस मॉनीटरिंग भी कराई जाएगी। जिसमें रोजाना जलसंस्थान की टीम टैंकर लेकर अपने गंतव्य तक पहुंची या नहीं उनकी निगरानी करेगी। साथ ही गड़बड़ी पाई जाने पर कार्यदायी संस्था का भुगतान रोका जाएगा।
गर्मी में पानी की बढ़ती किल्लत को दूर करने के लिए जलसंस्थान द्वारा पेयजल समस्या से ग्रसित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जाती है। यह व्यवस्था ठेकेदारों द्वारा संचालित की जाती है। आरोप लगता है कि ठेकेदार कई प्वाइंट पर टैंकर नहीं पहुंचाते हैं तो कई बार टैंकर से पानी बेचने के भी आरोप लगते हैं, लेकिन इस बार ऐसा करना मुश्किल होगा। विभाग द्वारा टैंकर संचालन पर निगरानी की जाएगी। उधर, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार के मुताबिक टैंकर संचालन पर निगरानी के लिए जीपीएस लगाया जा रहा है।