अगर आप को दीपावली पर अपने घर या कहीं घूमने जाना है तो जल्द ही ट्रेन में टिकट बुक करा लें, वरना सीट मिलना मुश्किल हो जाएगा। दीपावली के आसपास की तारीखों में ट्रेन की टिकटें बुक होना शुरू हो गई हैं। हालांकि अभी पर्याप्त बर्थ उपलब्ध हैं, लेकिन अगर आप नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाना चाहते हैं तो तत्काल टिकट पर ही निर्भर रहना होगा, क्योंकि वहां जाने वाली सभी ट्रेनों में सीटें फुल होने लगी हैं।
इस बार नवरात्र प्रारंभ 21 सितंबर, दशहरा 30 सितंबर और दीपावली 19 अक्तूबर को पड़ रही है। देश के विभिन्न शहरों में नौकरी या अध्ययन कर रहे हजारों लोग नवरात्र, दशहरा और दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर आते हैं। परेशानी से बचने के लिए लोगों ने अभी से ही ट्रेनों में आरक्षण कराना शुरू कर दिया है। दशहरा और दीपावली के आसपास पुणे, नागपुर, मुंबई, बंगलूरू और दिल्ली से आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों जैसे झेलम एक्सप्रेस, कर्नाटका एक्सप्रेस, पंजाब मेल, कुशीनगर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस, उद्योग नगरी एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, पठानकोट एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग लगना शुरू हो गई हैं। साप्ताहिक और स्पेशल ट्रेनों में जरूर अभी सीटें खाली मिल रही हैं। दशहरे और दीपावली के दिन भी सभी ट्रेनों में कंफर्म टिकट आसानी से मिल रहे हैं।
वहीं, नवरात्र पर 20 से 30 सितंबर तक वैष्णो देवी जाने वाली मालवा एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, शिर्डी-श्री वैष्णो देवी धाम एक्सप्रेस, हिमसागर एक्सप्रेस, नागपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस में वेटिंग के टिकट मिलना शुरू हो गए हैं। अगर, आप मालवा एक्सप्रेस में इंदौर से टिकट बनवाकर वोर्डिंग झांसी करवा लें तो जरूर आपको जम्मू तक कंफर्म सीट मिल जाएगी।
इन ट्रेनों में भी आरक्षण मिलना मुश्किल
वास्कोडिगामा से नई दिल्ली जाने वाली गोवा एक्सप्रेस, बंगलूरू से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस, मुंबई से अमृतसर जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस, वलसाड़-कानपुर एक्सप्रेस, मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस, बंगलूरू से नई दिल्ली जाने वाली कर्नाटका एक्सप्रेस, यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली संपर्क क्रांति, हैदराबाद से नई दिल्ली जाने वाली दक्षिण एक्सप्रेस, बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में दीपावली के लिए वेटिंग मिलना शुरू हो गया है।
बिहार के लिए सबसे ज्यादा बन रहे टिकट
दीपावली पर झांसी से दूसरे शहरों को जाने वाले यात्रियों की संख्या भी कम नहीं है। आरक्षण की सबसे अधिक मांग बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में है। इनमें प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस, ग्वालियर बरौनी मेल, चंबल एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस, यशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस आदि ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में भी आरक्षण की ओपनिंग डेट में ही सीटें भरती जा रही हैं।